भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने नहीं खाया एक वक्त का खाना

हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एक वक्त का खाना नहीं खाया। ऐसा कर कोरोना के संक्रमण के कारण दो वक्त की रोटी जुटाने में असमर्थ लोगों की मदद का आह्वान किया। भाजपा के स्थापना दिवस पर संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 40वें स्थापना दिवस पर ओकओवर शिमला में पुष्पांजलि अर्पित की।


प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में अपने निवास पर ध्वजारोहण कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी। प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल ने दीपकमल चक्कर में ध्वजारोहण किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि हमें गर्व है कि भाजपा राष्ट्रीयता के विचारों पर काम करने वाली पार्टी है। कोरोना की इस संकट की घड़ी में भाजपा अपने मूल सिद्धांत पर चल रही है। स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता अभावग्रस्त लोगों को भोजन और राशन बांट रहे हैं। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने सोमवार को एक समय के भोजन का त्याग किया। भाजपा के स्थापना दिवस पर महिला मोर्चा ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में स्वयं सदस्यों की ओर से बनाए मास्क का वितरण किया। शिमला महिला मोर्चा ने सब्जी मंडी में लोगों को मास्क बांटे।

कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर धन्यवाद पत्र लिखा, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए और कार्य करने वाले कोरोना वायरस से लड़ने वाले योद्धाओं जैसे पुलिसकर्मी, डॉक्टर एवं नर्स, सफाई कर्मचारी, बैंक, डाकघर कर्मचारी और सरकारी कर्मचारियों को दिए।